Digvijay Singh: सावन माह की शुरुआत के साथ देशभर में कांवड़ यात्रा निकाली जा रही है। इसके लिए विभिन्न राज्यों में सरकार द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। इस बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने कांवड़ यात्रा को लेकर फेसबुक पर एक पोस्ट साझा करते हुए यात्रा के दौरान सड़कों पर कांवड़ रखने और रास्ता अवरुद्ध करने को लेकर सवाल खड़े कर दिए। दिग्विजय सिंह ने अपने पोस्ट में लिखा, “एक देश, दो कानून”, और इसके साथ दो तस्वीरें साझा कीं। पहली तस्वीर में सड़क पर रखी कांवड़ दिखाई गई, जिससे रास्ता बंद हो गया है, वहीं दूसरी तस्वीर में नमाज पढ़ रहे व्यक्ति को पुलिस द्वारा लात मारने का दृश्य दिखाया गया है। उनके इस पोस्ट के बाद सियासी हलचल बढ़ गई है।
BJP मंत्री विश्वास सारंग का पलटवार, दिग्विजय सिंह को कहा ‘मौलाना’
दिग्विजय सिंह के इस बयान पर मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने दिग्विजय सिंह को ‘मौलाना’ कहकर संबोधित किया और कहा कि दिग्विजय सिंह केवल सनातन धर्म का विरोध करते हैं और पवित्र कांवड़ यात्रा जैसे त्योहार को विवादित बनाना चाहते हैं। विश्वास सारंग ने कहा, “दिग्विजय सिंह, जो जाकिर नाइक का महिमामंडन करते हैं, आतंकियों को संरक्षण देते हैं, सेना की कार्रवाई पर विवाद खड़ा करते हैं और पाकिस्तान की भाषा बोलते हैं, उनसे किसी भी सकारात्मक उम्मीद की जा ही नहीं सकती। उन्होंने हमेशा हिन्दू धर्म, हिन्दू अनुयायियों, हिन्दू साधु-संतों और हिन्दू पर्वों का अपमान किया है, इसी कारण उन्हें ‘मौलाना दिग्विजय सिंह’ कहा जाता है।”
‘साफरन टेररिज्म’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल कर सनातन को किया बदनाम
विश्वास सारंग ने आगे कहा कि दिग्विजय सिंह ने ‘साफरन टेररिज्म’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल कर पूरी दुनिया में सनातन धर्म को बदनाम किया है। उन्होंने कहा, “मैं दिग्विजय सिंह को बताना चाहता हूं कि यदि हिन्दू और सनातन धर्म के किसी भी पर्व पर इस प्रकार की टिप्पणी की जाएगी तो इसे सहन नहीं किया जाएगा। दिग्विजय सिंह को इस टिप्पणी के लिए माफी मांगनी चाहिए।” बीजेपी नेता ने दिग्विजय सिंह पर तुष्टिकरण की राजनीति करने और सनातन धर्म के पर्वों को निशाना बनाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था का विषय है और इस पर राजनीति कर दिग्विजय सिंह लोगों की भावनाओं को आहत कर रहे हैं।
पूरे देश में आस्था के साथ निकाली जा रही है कांवड़ यात्रा
इस समय सावन के महीने में देशभर में कांवड़ यात्रा श्रद्धा और भक्ति के साथ निकाली जा रही है। विभिन्न राज्यों में शिवभक्त गंगा जल और अन्य पवित्र नदियों का जल लेकर अपने गांव व निकटवर्ती शिव मंदिरों में भगवान शिव का जलाभिषेक कर रहे हैं। राज्य सरकारों ने यात्रा के दौरान सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं। ऐसे में दिग्विजय सिंह द्वारा यात्रा पर सवाल उठाना और तस्वीरें साझा कर टिप्पणी करना आस्थावान लोगों को आहत करने वाला कदम माना जा रहा है। वहीं भाजपा ने साफ कर दिया है कि हिन्दू और सनातन धर्म के पर्वों पर इस प्रकार की टिप्पणी और राजनीति कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और दिग्विजय सिंह को इस पर माफी मांगनी ही होगी।